पानीपत। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने 11 सेक्टरों के लोगों को पानी और सीवरेज का बिल भरने के लिए 25 अगस्त तक का समय दिया था। बावजूद इसके लोगों ने बिल भरने में रुचि नहीं दिखाई। अब प्राधिकरण ने लोगों के पानी का कनेक्शन काटना शुरू किया तो कुछ स्थानों से लोगों ने बिल भरना शुरू कर दिया है। विभाग ने दो हजार से अधिक बिल वाले 1800 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किया है। नोटिस के अनुसार बिल नहीं भरने पर कनेक्शन काटे जाएंगे।
विभाग का सेक्टरों में लगभग दो करोड़ रुपये बिल बकाया है। प्राधिकरण 63 ट्यूबवेल से सेक्टर 6-7-8, 11, 12, 13-17-18, सेक्टर 25 पार्ट वन, पार्ट टू, सेक्टर 29 पार्ट वन और पार्ट टू में पानी की आपूर्ति करता है। शहर का 30 प्रतिशत हिस्सा प्राधिकरण के अंतर्गत आता है। समय पर लोगों के बिल न भरने से विभाग के सामने तमाम समस्याएं खड़ी हो गईं हैं। अब मुख्यालय स्तर पर भी पानीपत प्राधिकरण से बिल भरने की प्रतिदिन की रिपोर्ट मांगी जा रही है।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पिछले 10 साल से आर्थिक संकट से जूझ रहा है। प्राधिकरण टारगेट के अनुसार तीन साल में एक हजार करोड़ की भूमि नहीं बेच पाया है। अब भी सेक्टर छह, सात, आठ, 24 , 39 और 40 ऐसे सेक्टर हैं, जो आबाद नहीं हो पाए हैं। 300 से अधिक प्लॉटों पर अवैध कब्जा है। प्राधिकरण राजस्व नहीं जुट पा रहा है। अब लोग सीवरेज और पानी का बिल भी जमा नहीं करा रहे हैं। ऐसे में विभाग अपने सेक्टरों में विकास के कार्य भी नहीं करा पा रहा। विभाग राजस्व के अभाव में आर्थिक संकट से जूझ रहा है।
पानी और सीवरेज का बिल न भरने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पांच सदस्यीय टीम कार्रवाई कर रही है। कुछ लोगों ने अब बिल भरना शुरू कर दिया है। 25 अगस्त बिल भरने की अंतिम तिथि थी, अब सरचार्ज के साथ बिल भरना होगा। जो उपभोक्ता बिल नहीं भरेगा, उसका कनेक्शन काट दिया जाएगा।
- जगमाल सिंह, एक्सईएन हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण