- यूजी-पीजी में रिक्त सीटों पर ओपन काउंसलिंग से मिलेगा दाखिला
- जिले के 16 कॉलेजों में 11,600 से अधिक सीटें, कुछ पाठ्यक्रमों में अब भी करीब 20 फीसदी सीटें खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने से वंचित रह गए युवाओं को उच्चतर शिक्षा विभाग ने राहत दी है। विभाग ने कॉलेजों में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर एक नवंबर कर दी है। ऐसे में यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को एक और मौका मिल गया है। रिक्त सीटों पर दाखिले ओपन काउंसलिंग के माध्यम से किए जा सकेंगे।
जिले के 16 कॉलेजों में 11,600 से अधिक सीटें हैं। दाखिला प्रक्रिया के कई चरण पूरे होने के बाद भी कुछ पाठ्यक्रमों में करीब 20 फीसदी सीटें खाली हैं। ऐसे में तिथि बढ़ने से इन सीटों को भरने की उम्मीद है। खासकर उन विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सकता है, जो किसी कारणवश पहले दाखिला नहीं ले पाए या मनपसंद पाठ्यक्रम में सीट नहीं मिलने के कारण प्रवेश से वंचित रह गए।
ओपन काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे विद्यार्थी
विद्यार्थियों को संबंधित कॉलेजों में रिक्त सीटों की जानकारी लेकर ओपन काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होना होगा। दाखिले के लिए कॉलेज स्तर पर निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों का पालन करना जरूरी होगा। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय जल्द संबंधित कॉलेज में संपर्क करें।
वर्जन-
दाखिले की तिथि बढ़ने से उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जो अभी तक प्रवेश नहीं ले पाए हैं। रिक्त सीटों पर ओपन काउंसलिंग के जरिए दाखिले का अवसर मिलने से विद्यार्थी अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सकेंगे। इच्छुक विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कॉलेज में संपर्क कर दाखिला प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत।