माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। पुरेवाल कॉलोनी में पिता की मीट की रेहड़ी के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता छह वर्षीय मासूम मोहम्मद आहद का चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। बच्चे की सुरक्षित बरामदगी के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मामले में पुलिस ने आरोपी के बारे में सटीक जानकारी देने वाले को 51 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा तक कर रखी है।
पुलिस द्वारा की जा रही छानबीन के दौरान इलाके के करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है। जांच में सामने आई एक सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात युवक मासूम आहद को अपनी गोद में उठाकर ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि, अभी तक उस युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए रामलाल चौक तक पहुंची, जहां आरोपी युवक बच्चे का अपहरण करने के बाद अंतिम बार ई-रिक्शा में बैठता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद वह शहर के किस इलाके की ओर गया, इसका पता लगाने के लिए रास्ते में लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पिता ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे आहद अपने छह वर्षीय बड़े भाई और गली के अन्य बच्चों के साथ पिता की मीट की रेहड़ी के पास खेल रहा था। करीब 20-25 मिनट बाद जब परिजनों ने उसकी तलाश की, तो वह गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई।
हर संभावित ठिकाने पर पुलिस की छापेमारी
मासूम को तलाशने के लिए सीआईए की तीन टीमों सहित करीब 50 पुलिस कर्मचारियों को काम पर लगाया गया है। टीमें पुरेवाल कॉलोनी, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और आसपास के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस के प्रभारी अरविंद ने बताया कि
बच्चे की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। आरोपी का चेहरा सामने आया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। सूचना देने वाले के लिए 51 हजार रुपये का इनाम रखा गया है।