पानीपत। गर्मियों की छुट्टी शुरू होने से पहले ही जम्मू, चंडीगढ़ और जयपुर की ट्रेनों में सीट फुल हो गई हैं। ट्रेनों में आरक्षित टिकट तक नहीं हैं। इसी तरह धार्मिक स्थलों हरिद्वार, वृंदावन और उज्जैन के लिए भी ट्रेनों में सीट नहीं हैं। अब छुट्टियों के बाद ही आरक्षण के टिकट कुछ सामान्य होंगे। इसके साथ अब ट्रेवल एजेंटों के पास भी बुकिंग बढ़ गई है।
गर्मियों की छुट्टियों पर लोगों ने बच्चों के साथ बाहर घूमने की तैयारी अभी से कर दी है। रेलवे स्टेशन पर सुबह ही आरक्षित टिकट के लिए लोग पहुंच रहे हैं। यहां ट्रेनों में लंबी-लंबी वेटिंग मिल रही है। ऐसे में अंबाला व दिल्ली के कोटे में टिकट कराने में लग रहे हैं। ज्यादातर पहाड़ी क्षेत्रों के रूट की ट्रेनों में छुट्टियों के समय टिकट करा रहे हैं। इन रूट पर 50 से 70 के बीच वेटिंग चल रही हैं। कटरा की ट्रेनों में तो 100 से अधिक है।
मॉडल टाउन के मनोज कुमार ने बताया कि परिवार के साथ कटरा में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जाना है। अब से पहले सीट आरक्षित नहीं हो पा रही है। ऐसे में मुश्किल हो गया है। वेटिंग टिकट के भरोसे यात्रा करना सही नहीं है। उनको तत्काल का इंतजार करना पड़ेगा। रेलवे को गर्मियों की छुट्टियों के समय अतिरिक्त ट्रेन चलानी चाहिए। असंध रोड की आरती ने बताया कि उनको महाकाल के दर्शन करने जाना है। पानीपत से सीधे उज्जैन एक ट्रेन जाती है। इसमें टिकट आरक्षित नहीं हो पाई है। अब उनको अंबाला या दिल्ली से टिकट आरक्षित कराना पड़ेगा।
गर्मियों की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की संख्या में अचानक बढ़ जाती है। इससे ट्रेनों में आरक्षित सीटों की मांग बढ़ गई है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त कोच लगाने के साथ स्पेशल ट्रेन चलाई जाती हैं। अभी लोगों को कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं है।
रमेश कुमार, स्टेशन अधीक्षक।