पानीपत। पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र के कच्चा फाटक पर शराब ठेकेदार की हत्या के आरोपी पांच दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं हुए। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए परिजन जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहे हैं। वीरवार को परिजनों ने शहर विधायक से मुलाकात की। उन्होंने मामला ग्रामीण क्षेत्र का होने के कारण शिक्षा मंत्री के पास भेज दिया। परिजन उनके कार्यालय पहुंचे तो वहां पर मंत्री से मुलाकात नहीं हुई। अब शुक्रवार को परिजन शिक्षा मंत्री से मुलाकात करेंगे। उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खुलासे के लिए चार टीमें काम कर रही हैं।
सिद्धार्थ नगर निवासी शराब ठेकेदार चरणजीत सिंह उर्फ चन्ना की रविवार को कच्चा फाटक के पास चाकू मारकर हत्या कर दी थी। चरणजीत ने दो सगे भाइयों को शराब की अवैध बिक्री करने से रोका था। जिसकी रंजिश में दोनों आरोपियों सचिन और मोंटी ने वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस की तीनों सीआईए टीमों के साथ थाना पुलिस भी लगी है। लेकिन, अभी तक पुलिस इस प्रकरण का खुलासा नहीं कर पाई।
विज्ञापन
शराब ठेकेदार की हत्या की वारदात का खुलासा करने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। प्रयास है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
-सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय