अंबाला। बस न यात्री इसके बाद भी रोडवेज के छह कर्मचारी पिछले तीन महीने से बस स्टैंड पर ड्यूटी दे रहे हैं। अंबाला- हिसार राजमार्ग स्थित जनुसई हेड बस स्टैंड का अगस्त माह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा शिलान्यास किया था। इसके बाद भी इस बस स्टैंड पर कोई बस नहीं रुकती और न ही कोई यात्री इस बस स्टैंड पर आता है।
लोक निर्माण विभाग ने तीन करोड़ रुपये की लागत से जनसुई बस स्टैंड का निर्माण कराया था। हैरानी की बात है इस बस स्टैंड पर अड्डा इंचार्ज, स्टैंड इंचार्ज, चालक- परिचालक होमगार्ड के जवान सहित सेवादार अपनी ड्यूटी दे रहे हैं। 80 दिन बाद आई एक बस : करीब 80 दिन बाद बुधवार को चंडीगढ़ से हिसार जा रही हरियाणा रोडवेज के बस चालक ने अचानक जनसुई हेड बस स्टैंड के अंदर बस का घुमा दिया। इसके बाद बस परिसर में रुकी। इसके बाद बस से सभी सवारियां उतरीं। इस दौरान अधिकतर सवारियां शौचालय गईं और कई यात्रियों ने वाटर कूलर से पानी भरा। करीब 15 मिनट रुकने के बाद वह बस हिसार के लिए रवाना हो गई। जनसुई बस स्टैंड पर बसों के ठहराव को लेकर बस स्टैंड इंचार्ज ने महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा से गुहार लगाई है। उन्होंने कहा है कि अंबाला, चंडीगढ़ और हरियाणा के विभिन्न डिपो की बसें हिसार मार्ग पर संचालन करती हैं। इन बसों का जनसुई हेड बस स्टैंड पर ठहराव करवाया जाए।