अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। इंसार बाजार में मुख्य रास्तों पर बैरिकेड्स लगाने के प्रस्ताव को नगर निगम ने अनदेखा कर दिया। इस पर एसोसिएशन बाजार में लगने वाले जाम को समाप्त करने के लिए बैरिकेड्स लगाने के लिए आगे आई है। एसोसिएशनों ने इस बार पुलिस से मदद मांगी है। दुकानदारों ने साफ कहा कि वे बैरिकेड्स अपने खर्च पर लगवाएंगे। पुलिस को इन्हेें लगाने में सहयोग देना होगा। डीएसपी आत्माराम लांबा ने बाजार का दौरा कर बैरिकेड्स का मॉडल देखा। साथ ही रविवार को ट्रायल के तौर पर इसको लगाने के लिए अनुमति भी दे दी।
इंसार बाजार शहर का सबसे व्यस्त बाजार है। यहां दिन के समय पैदल निकल पाना भी मुश्किल होता है। कई बार फोर व्हीलर बाजार में आ जाते हैं। इसके बाद जाम की स्थिति बन जाती है। इससे बाजार के दुकानदार ही नहीं, यहां आने वाले ग्राहक भी परेशान हो जाते हैं। बाजार एसोसिएशन लोगों की इन सब परेशानियों को दूर करने के लिए आगे आई है। इंसार बाजार ने शुक्रवार को बैरिकेड्स लगवाने की मांग की। डीएसपी सिटी आत्माराम लांबा से मॉडल देखकर हरी झंडी देने की मांग की। इस पर डीएसपी सिटी बाजार पहुंचे। वहां इंसार बाजार के प्रधान गौरव लिखा और अन्य ने उन्हें बैरिकेड्स का मॉडल दिखाया। डीएसपी ने दुकानदारों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर जितेंद्र आहुजा, भारत खुराना, नरेश मेहता, राजू अनमोल, राजन खुराना व संजय धमीजा मौजूद रहे।
सुबह दस से शाम आठ बजे तक लगेगा बैरिकेड
फिलहाल इंसार बाजार लालबत्ती चौक पर बैरीकेड लगाने का फैसला लिया है। इसको रविवार या सोमवार को ट्रायल के तौर पर लगाया जाएगा। यह सुबह दस से शाम आठ बजे तक लगा रहेगा। इसके बाद कोई भी फोर व्हीलर बाजार में दाखिल नहीं हो सकेगा। इंसार बाजार में बैरिकेड लगने के बाद फिर दूसरे बाजारों की एसोसिएशनों ने भी इसे अपनाने का फैसला लिया है। इंसार बाजार के दुकानदारों ने अपने स्तर पर अतिक्रमण भी हटाया।
लालबत्ती चौक पर ऑटो रुकने की समस्या रखी
बाजार के दुकानदारों ने डीएसपी के सामने जीटी रोड लालबत्ती चौक पर ऑटो खड़े होने से लगने वाले जाम की शिकायत भी की। उन्होंने बताया कि ऑटो चालक चौक पर खड़े होकर सवारियों को उतारते और बैठाते हैं। इससे जीटी रोड समेत बाजार में भी जाम लग जाता है। डीएसपी आत्माराम ने चौक पर चार पुलिसकर्मी शनिवार से ही तैनात करने का आश्वास दिया। उन्होंने कहा कि ऑटो चालकों को लालबत्ती की बजाय पालिका बाजार के बाहर सर्विस लेन पर रुकने की हिदायत दी जाएगी।
डेढ़ साल पहले रखा था प्रस्ताव
बाजार एसोसिएशन ने डेढ़ साल पहले निगम अधिकारियों के सामने बैरिकेड्स लगाने का प्रस्ताव रखा था। तत्कालीन संयुक्त आयुक्त अश्वनी मैंगी ने सभी को बैरिकेड्स लगाने का आश्वासन भी दिया था। इसके बाद बाजार एसोसिएशन ने बैरिकेड्स तैयार करवा लिए। उनका तबादला होने के बाद प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया।
जरूरत पर एक मिनट में हटाया जा सकेगा
इंसार बजार एसोसिएशन के प्रधान गौरव लिखा ने बताया कि बैरिकेड लोहे का बनवाया गया है। इसका वजन करीब 50 किलोग्राम है। इसे दिन के वक्त लगा दिया जाएगा और रात को हटा लिया जाएगा। दिन में जरूरत के समय एक मिनट में बैरिकेड के पोल को निकाल दिया जाएगा।
बाजार में हर वक्त जाम की समस्या रहती है। इसलिए एसोसिएशन ने नगर निगम अधिकारियों के सामने बैरिकेड्स लगाने का प्रस्ताव रखा था। हमने करीब डेढ़ साल पहले ही बैरिकेड्स बनवा लिए थे। अब पुलिस से बैरिकेड्स लगवाने की गुहार लगाई है। बाजार के दुकानदार, प्रशासन और पुलिस सहयोग करने को तैयार हैं।
गौरव लिखा, प्रधान, इंसार बाजार पानीपत।
बाजार एसोसिएशनों ने दिन के समय फोर व्हीलर की एंट्री होने पर लगने वाले जाम की समस्या बताई थी। उन्होंने बैरिकेड्स लगाने की बात कही है। एसोसिएशन ने एक बैरिकेड दिखाया भी है। रविवार को ट्रायल के तौर पर बैरिकेड लगाया जाएगा। बाजार के दुकानदारों और लोगों की सुविधा को देखा जाएगा। किसी तरह की परेशानी आती है तो उसे हटाया भी जा सकता है।
आत्माराम लांबा, डीएसपी पानीपत शहर।