पानीपत। आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया) के खुंखार आतंकी दीवाना गांव के अनुराग भुक्कर उर्फ रेहान की जानकारी जुटाने के लिए नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) दीवाना गांव में दबिश दे सकती है। यहां एनआईए उसकी संपत्ति की जानकारी जुटा सकती है। एनआईए की ओर से पानीपत पुलिस को भी रेहान की गिरफ्तारी की सूचना दी जा चुकी है। पानीपत पुलिस इसको लेकर अलर्ट है। वहीं दूसरी ओर अनुराग उर्फ रेहान की मां सरोज और भाई चिराग ने उससे अपना नाता तोड़ लिया है। उन्होंने उसके बारे में बात करने से साफ इंकार कर दिया है।
अनुराग उर्फ रेहान से गुवाहटी में असम एसटीएफ व एनआईए पूछताछ कर रही है। उसकी कथित पत्नी की भी तलाश अभी जारी है। फिलहाल वो बांग्लादेश में बताई जा रही है। असम एसटीएम ने बुधवार को धुबरी सेक्टर के धर्मशाला क्षेत्र से आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया) के खुंखार आतंकी हरीश अजमल फारूखी व अनुराग उर्फ रेहान को गिरफ्तार किया था। हरीश अजमल फारूखी भारत में आईएसआईएस का चीफ है। वह भारत में आईएसआईएस को मजबूत कर रहा था। उसका साथी अनुराग उर्फ रेहान संगठन में युवाओं की भर्ती करता था। अनुराग उर्फ रेहान मूल रूप से पानीपत के दीवाना गांव का रहने वाला है। अनुराग ने कुछ समय पहले धर्म परिवर्तन किया था। अनुराग भुक्कर ने कोटा से आईआईटी की कोचिंग ली थी। इसके बाद उसने सरकारी नौकरी की तैयारी की। पांच साल पहले उसका चयन रेलवे में बतौर सेक्शन ऑफिसर हुआ। फिलहाल उसकी तैनाती नई दिल्ली में है। रेहान अब हरीश अजमल फारुखी के संपर्क में था। हरीश अजमल फारुखी भारत में विश्व के सबसे खुंखार आतंकी संगठन आईएसआईएस को सक्रिय कर रहा था।
वर्जन-
एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि एनआईए पूरे मामले की जांच कर रही है। अनुराग उर्फ रेहान एनआईए की हिरासत में है। उनको उसकी गिरफ्तारी की सूचना मिल चुकी है। एनआईए की ओर से उनसे जो भी सहयोग मांगा जाएगा। वो सहयोग करेंगे। अनुराग उर्फ रेहान काफी समय से अपने गांव दीवाना नहीं आया था।