जाट आरक्षण को लेकर संयुक्त जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने सरकार के खिलाफ संघर्ष का बिगुल बजाते हुए दिल्ली का पानी, सब्जी व दूध बंद व रेल रोको आंदोलन के लिए चेताया है। शुक्रवार को असंध रोड के पास किसान भवन में जाट आरक्षण संघर्ष समिति द्वारा बैठक का आयोजन किया गया।
अध्यक्षता राष्ट्रीय महासचिव राममेहर नगलापार ने की। बैठक में जाट आरक्षण के लिए आगामी रणनीति के लिए विचार विमर्श किया गया। जिसमें 10 नंबर के बाद जाट आरक्षण को उग्र करने के पहलुओं पर विचार किया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव राममेहर नगलापार ने कहा कि प्रदेश के एक सांसद समाज में जातपात का जहर घोल रहे हैं। उन्होंने चेताते हुए कहा कि अगर पानीपत में आकर कोई जाट समाज के बारे में कोई टिप्पणी की तो उनको इसके कड़े परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा सर्व समाज की बात करनी है तो जाट समाज को कोई आपत्ति नहीं है। अगर उन्होंने जाट समाज के बारे में गलत टिप्पणी की तो उसकी सभा स्थल के पास जाट युवाओं के जत्थे रहेंगे और निश्चित तौर पर उनका घेराव किया जाएगा।
वहीं उन्होंने कहा कि अगर सरकार द्वारा 10 नवंबर से पहले आरक्षण को लेकर कोई कारगर कदम नहीं उठाया तो सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुरेंद्र खर्ब, प्रदेश महासचिव सत्यवान, जिला अध्यक्ष सुनील बांगड़, भूपेंद्र कादियान, उमेद कादियान, बलकार बड़ौली, राजेश सिवाह मौजूद रहे।