नन्ही परी व तीनों कविता का डीएनए सफल तरीके से कराने को लेकर कमेटी गठित कर दी है और पुलिस की तरफ से डीएसपी क्राइम जोगिंद्र सिंह राठी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कमेटी में एसडीएम, डिप्टी सीएमओ समेत एक महिला डॉक्टर को शामिल किया गया है।
सिविल अस्पताल में पल रही बच्ची परी का 28 सितंबर को चंडीगढ़ स्थित लैब में डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। लैब प्रबंधन द्वारा प्रशासन व पुलिस की मांग को मानते हुए इसकी तारीख तय की है। जिसके बाद प्रशासन व पुलिस ने अपने स्तर पर तैयारियां कर ली हैं और इसको लेकर चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया।
पुलिस की तरफ से डीएसपी क्राइम जोगिंद्र राठी व प्रशासन की तरफ से एसडीएम पानीपत सुभाष श्योराण इसकी अगुवाई करेंगे। वहीं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एक डिप्टी सीएमओ व एक महिला डॉक्टर को कमेटी में शामिल किया गया है।
प्रशासन व पुलिस ने सोमवार को होने वाले डीएनए को लेकर कविता नाम की तीनों महिलाओं को सूचित कर दिया है। इसमें रामनगर निवासी कविता, नैन निवासी कविता व करनाल के ऊंचा शमाना निवासी कविता को शामिल किया है। पुलिस ने रामनगर निवासी कविता पर पिछले मामले को देखते हुए नजर रखनी शुरू कर दी है।
बच्ची व कविता नाम की तीनों महिलाओं का चंडीगढ़ में डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। डीएसपी क्राइम जोगिंद्र सिंह राठी मामले को देखेंगे। इसके अलावा प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग का भी एक-एक अधिकारी साथ जाएगा।
दलबीर सिंह, डीएसपी शहर पानीपत।