जूवेनाइल कोर्ट को जल्द जिला कोर्ट से अलग भवन में स्थापित किया जाएगा। इसको शिफ्ट करने का काम चल पड़ा है। अधिकारियों ने डाइट पानीपत, पुरानी कोर्ट व न्यायाधीशों की पुरानी कोर्ट के बाहर स्थित पुरानी कोठियों को देखा गया है। एक जनवरी से नई जगह पर कोर्ट शुरू करने की उम्मीद जताई जा रही है।
विदित है कि जूवेनाइल कोर्ट कोर्ट कांपलेक्स में दूसरी कोर्ट के साथ चल रही है। सुप्रीम कोर्ट के बाद हाईकोर्ट ने गत दिनों जूवेनाइल कोर्ट को अलग करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद जिला स्तर पर कोर्ट को स्थानांतरित करने का काम शुरू हो गया। अधिकारियों ने इसको लेकर जगह को तलाशना शुरू कर दिया। एसडीएम पानीपत द्वारा जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान, पुरानी कोर्ट और इसके बाहर स्थित न्यायाधीशों की पुरानी कोठियों का दौरा कर व्यवस्थाओं को देखा गया है। अधिकारियों द्वारा जल्द ही जूवेनाइल कोर्ट को लेकर भवन फाइनल कर देने की उम्मीद है।
डाइट पानीपत के कमरों को खाली करने का काम शुरू
जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में जूवेनाइल कोर्ट शिफ्ट करने की सूचना के बाद कमरों व हॉल को खाली करने का काम शुरू हो गया है। मंगलवार को डाइट के मैदानी तल के म्यूजिक रूम, लाइब्रेरी, आर्ट रूम, एग्जीबिशन रूम व स्टोर रूम को खाली कर दिया गया है। डाइट कर्मी सुबह से लेकर शाम तक सामान को शिफ्ट करने में लगे रहे।
विद्यार्थियों और स्टाफ की बढ़ी धड़कन
डाइट में जूवेनाइल कोर्ट शुरू होने की जानकारी लगते ही विद्यार्थियों और स्टाफ की धड़कन बढ़ गई है। स्टाफ व विद्यार्थियों का कहना है कि गत दिनों ही देशबंधु गुप्ता राजकीय कॉलेज को यहां से शिफ्ट किया गया है। डाइट में अब जाकर कुछ व्यवस्था बन पाई है। ऐसे में जूवेनाइल कोर्ट शुरू होने पर परेशानी फिर से बढ़ जाएंगी। बताया जा रहा है कि डाइट में स्कूल प्रिंसिपल, मुख्याध्यापक व शिक्षकों के सेमिनार भी लगाए जाते हैं। जिनको एससीईआरटी द्वारा संचालित किया जाता है।
डाइट की जगह जूवेनाइल कोर्ट को लेकर देखी गई है, लेकिन उनके पास इस तरह का कोई पत्र नहीं आया है। ऐसा कुछ है तो वे एससीईआर व शिक्षा निदेशालय से इसका मार्गदर्शन लेंगे और आगे की कार्रवाई अधिकारियों के निर्देशानुसार की जाएगी। उनकी नजर में बच्चों के बीच डाइट में जूवेनाइल कोर्ट ठीक नहीं रहेगी।
जयभगवान खटक, डीईओ एवं प्राचार्य, डाइट पानीपत।