पानीपत। पानीपत के शहर थाना क्षेत्र के भावना चौक निवासी रिफाइनरी कर्मचारी के खाते से साइबर ठगों ने 2.31 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित युवक का कहना है कि उसने यह पैसे अपनी मां के उपचार के लिए जमा किए थे। उसके पास न तो कोई फोन आया और न ही किसी ने ओटीपी पूछा।
इसके बावजूद उसका खाता खाली हो गया। पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई है। साथ ही साइबर क्राइम थाने में भी शिकायत दी। साइबर क्राइम थाना पुलिस खाते की डिटेल खंगालने में जुट गई। शहर थाना क्षेत्र के भावना चौक निवासी सलीम ने बताया कि वह रिफाइनरी में काम करता है। उसकी मां काफी समय से बीमार है। जिसके उपचार के लिए वह पैसे जमा कर रहा था। बुधवार को वह रिफाइनरी गया था। उसी समय उसके खाते से 1.31 लाख रुपये की निकलने का मैसेज आया। कुछ देर बाद ही उसके पास बैंक से फोन आया कि उसके खाते में साइबर ठगी हुई है इस संबंध में तुरंत ही थाने में शिकायत कर दो। जैसे ही वह रिफाइनरी से साइबर थाने के लिए निकला तो एक लाख रुपये और निकल गए।
सलीम का कहना है कि उसके पास साइबर ठगों का कोई फोन नहीं आया, न ही कोई लिंक आया और ना कोई ओटीपी पूछा गया। इसके बावजूद भी खाते से पैसे निकाल लिए गए।
सलीम ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। साथ ही साइबर क्राइम थाने पहुंचकर भी शिकायत दी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तुरंत ही मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस खाते की डिटेल खंगाल रही है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी अजय ने बताया कि खाते से पैसे किस माध्यम से निकाले गए इसकी जांच शुरू कर दी। इस संबंध में बैंक से खाते की डिटेल मांगी गई है।