प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियोंं को सम्मानित करते प्राचार्य व अन्य। संस्थान
दो दिवसीय प्रतियोगिता में सैकड़ों खिलाड़ियों ने लिया भाग, विजेताओं को पदक और प्रशंसा पत्र देकर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
मतलौडा। राजकीय महिला कॉलेज मतलौडा में बुधवार को दो दिवसीय आठवीं खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्राचार्य डॉ. जर्नेल सिंह सहरावत की अध्यक्षता में आयोजित प्रतियोगिता में सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नेहा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
प्राचार्य डॉ. जर्नेल सिंह सहरावत ने कहा कि खेलों में भाग लेने से अनुशासन, समर्पण और जुनून की भावना विकसित होती है। ये गुण जीवन में सफलता हासिल करने के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने खेल गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए स्पोर्ट्स कमेटी प्रभारी रोहित शर्मा को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि निदेशक, उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 1500 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वालों को 1000 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 750 रुपये दिए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 2500 रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। यह राशि खिलाड़ियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
प्रतियोगिता में 100 और 1500 मीटर दौड़ में नेहा, रितु मान और वर्षा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। नेहा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया। प्राचार्य ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. प्रदीप दलाल ने किया।
23