सेवा सुरक्षा और सहयोग का दम भरने वाली पानीपत पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। चार दिन पहले बलजीत नगर के लापता युवक सतीश की किला थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली। वहीं, पड़ोस की तहसील कैंप थाना पुलिस ने लावारिस का शव बरामद कर उसका पोस्टमार्टम भी करा दिया। दोनों थानों की पुलिस ने एक दूसरे से कोई संपर्क तक नहीं किया।
चार दिन बाद परिजनों को कहीं से सूचना मिली तो उन्होंने नागरिक अस्पताल में पहुंचकर शव की शिनाख्त की। परिजनों ने दोनों थानों की पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। दलबीर नगर के महेंद्र ने बताया कि उनका भाई सतीश उम्र 32 साल घरेलू सामान की रेहड़ी लगाता था। वह 19 अक्तूबर को सुबह करीब 10 बजे घर से निकले था जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। उन्होंने किला थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस ने 20 अक्तूबर को उनकी गुमशुदगी दर्ज कर ली और युवक की तलाश करने की बात कही।
उन्हें बुधवार को सूचना मिली कि सतीश का शव जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखा हुआ है। वह तुरंत ही शवगृह पहुंचे और शव की शिनाख्त की। उन्हें पता चला कि शव 19 अक्तूबर को तहसील कैंप थाना पुलिस को देसराज कॉलोनी में एक प्लॉट में मिला था। पुलिस ने अज्ञात मानकर शव का पोस्टमार्टम करा दिया था।