पानीपत। जिले में विद्यार्थियों के बुनियादी सीखने के स्तर को परखने के लिए फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी (एफएलएस) का राष्ट्रीय आकलन बुधवार से शुरू हो गया। यह आकलन आठ मई तक चलेगा। इसमें जिले के 22 स्कूलों को शामिल किया है। इनमें 12 निजी और 10 सरकारी स्कूल शामिल हैं।
करीब चार साल बाद हो रहे इस सर्वे के तहत चौथी कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थियों का मूल्यांकन तीसरी कक्षा के पाठ्यक्रम के आधार पर किया जा रहा है। शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए 22 फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स तैनात किए हैं, जो स्कूलों में जाकर टैबलेट के माध्यम से परीक्षा आयोजित कर रहे हैं।
मूल्यांकन के दौरान हिंदी में शब्द पहचान, पढ़ने की गति और वाक्य निर्माण की क्षमता को परखा जा रहा है, जबकि गणित में गिनती, संख्याओं की पहचान और बुनियादी गणनात्मक समझ का परीक्षण किया जा रहा है। प्रत्येक स्कूल में चयनित विद्यार्थियों से पहले सामान्य प्रश्न पूछे जा रहे हैं, इसके बाद विषयवार आकलन किया जा रहा है।