इसराना। अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा इसराना खंड के चमराड़ा व ग्वालड़ा में सोमवार को सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। सम्मेलन में सर्वसम्मति से कमेटी के प्रधान नरेश बने।
ग्वालड़ा गांव में पांच सदस्यीय कमेटी का चुनाव किया। इसमें सर्वसम्मति से नरेश को प्रधान, गजे सिंह उप प्रधान, सत्यनारायण को सचिव, मनजीत कोषाध्यक्ष और हरिराम सह सचिव बनाए। किसान सभा के जिला प्रधान डॉ. सुरेंद्र मलिक, जिला सचिव राजपाल, इसराना तहसील के प्रधान सीताराम शर्मा ने कहा कि सरकार किसानों के पक्ष में कार्य नहीं कर रही है। नई बाजार नीति के तहत तीन कृषि कानून को लागू कर रही है। सरकार की गलत नीतियों से किसानों पर कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है। जिस कारण किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। किसान आंदोलन के समय 700 से ज्यादा किसानों की जान गई थी। सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए किसान विरोधी कार्य कर रही है। छोटे किसानों के बच्चे बढ़ती बेरोजगारी के कारण अपनी जमीन को बेच रहे हैं और लाखों रुपये लगा मजदूरी करने विदेश में जा रहे हैं।