पानीपत। शहर की हरिसिंह कॉलोनी से एक युवती का अपहरण कर लिया। युवती बारहवीं पास है और अपने नाना के घर पर आई हुई थी। परिवार के लोगों ने कालोनी के दो भाई बहनों समेत उनकी मां और एक अन्य युवक पर अपहरण का आरोप लगाया है।
उन्होंने इसके पीछे दुराचार या हत्या की नीयत बताया है। थाना शहर पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना शहर के अंतर्गत हरिसिंह कालोनी से 19 वर्षीय पूनम का अपहरण कर लिया। युवती मूल रूप से अंबा कॉलोनी की रहने वाली है और यहां अपने नाना के घर पर आई हुई थी। बताया जा रहा है युवती दुकान पर कुछ सामान लेने गई थी। इसी समय कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर लिया।
सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग कालोनी में पहुंचे और उसकी कई जगह तलाश की। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
अंबा कॉलोनी निवासी सतीश ने पुलिस को बयान दिए। उसने बताया कि उसकी लड़की पूनम हरिसिंह कॉलोनी में अपने नाना के घर पर आई थी। उसने बताया कि अंबा कॉलोनी निवासी एक परिवार के साथ पुरानी रंजिश है और उसके लड़के को भी कई दिन पहले धमकी दे चुके हैं।
उसने आरोप लगाया कि अंबा कालोनी निवासी सुनीता, उसके लड़के संदीप, लड़की रेखा और उनके रिश्तेदार सुमित ने उसका अपहरण किया है। उसने अपहरण के पीछे दुराचार या हत्या की नीयत बताया है। थाना शहर पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज किए और सुनीता, संदीप, रेखा और सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हरिसिंह कॉलोनी से एक युवती के अपहरण की शिकायत मिली है। परिवार के लोगों ने अपहरण के पीछे दुराचार या हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर देगी।
अनिल कुमार, प्रवक्ता, पुलिस पानीपत