पानीपत। प्रदेश में आगामी निकाय चुनाव की सरकार के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश के दस निकायों जिनमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, करनाल, हिसार, पानीपत, रोहतक, यमुनानगर, अंबाला और सोनीपत में चुनाव होने जा रहे हैं। इसे लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त ने फरीदाबाद, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, हिसार, कुरुक्षेत्र, पानीपत, रोहतक और यमुनानगर जिलों के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत को तत्काल ईवीएम मशीनें बांटने के आदेश जारी किए हैं। ये ईवीएम मशीनें इन जिलों से इन निकायों तक पहुंचाई जाएंगी।
निर्वाचन आयुक्त ने इन जिलों के जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे ईसीआईएल कंपनी की ईवीएम प्रदेश के संबंधित इन 10 निकायों में पहुंचाने का काम करें। ताकि आगामी निकाय चुनावों की तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें। इसके अलावा आयुक्त ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, करनाल, हिसार, पानीपत, रोहतक, यमुनानगर, अंबाला और सोनीपत में उनके संभावित बूथ, ईवीएम की कंट्रोल यूनिट और बैलेट यूनिट के आंकड़े भी मांगे हैं। वहीं, हर निकाय के बूथों को सूची के साथ ईवीएम मशीनों की संख्या में कमी या ज्यादा होने की सूरत में जानकारी देने के आदेश दिए हैं।
फरीदाबाद निकाय को फरीदाबाद के डीसी एवं पंयायत अधिकारी को कुल 1200 बूथों पर 290 सीयू यानी कंट्रोल यूनिट, 301 बीयू यानी बैलेट यूनिट, झज्जर डीसी को 2790 सीयू, 270 बीयू, पलवल डीसी को में 278 सीयू और 292 बीयू देने को कहा है। गुरुग्राम निकाय के लिए 700 बूथों पर गु्रुग्राम डीसी को 1046 सीयू और 1059 बीयू, नूंह डीसी को में 1124 सीयू और 749 बीयू, हिसार डीसी को 300 बीयू देने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा मानेसर निकाय को 400 बूथों पर 1200-1200 सीयू और बीयू देने के पलवल डीसी को आदेश दिए हैं। करनाल निकाय के लिए कुरुक्षेत्र डीसी को 300 बूथों के लिए 1839 सीयू और 1635 बीयू देने के आदेश दिए हैं। हिसार के लिए हिसार से ही 250 बूथों पर 1500-1500 सीयू-बीयू मिलेंगी। पानीपत नगर निगम को पानीपत डीसी कार्यालय से ही 350 बूथों पर 1164 सीयू और 1238 बीयू मिलेंगी।
रोहतक निकाय के लिए रोहतक डीसी से 320 बूथों पर 1352 सीयू और 1286 बीयू मिलेंगी। यमुनानगर निकाय को यमुनागर डीसी 400 बूथों पर 1644 सीयू और 1977 बीयू देगा। अंबाला निकाय को 300 बूथों पर 400-400 सीयू और बीयू देने के लिए हिसार डीसी को कहा गया है। इसी प्रकार हिसार डीसी ही सोनीपत निकाय को 350 बूथों पर 350 सीयू और 450 बीयू देगा।
इसी के साथ राज्य चुनाव आयुक्त ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, करनाल, हिसार, पानीपत, रोहतक, यमुनानगर, अंबाला और सोनीपत निकायों को भी आदेश दिए हैं कि वे संबंधित जिलों से ईवीएम प्राप्त कर इसकी पावती मुख्यालय भेजें।