माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। नगर निगम कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन 24वें दिन भी जारी रहा। शनिवार को कर्मचारियों ने पालिका बाजार स्थित निगम कार्यालय से जीटी रोड, संजय चौक होते हुए शहरी विधायक के कार्यालय तक करीब डेढ़ घंटे जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए लंबित मांगें पूरी करने की मांग की गई।
आंदोलन को सर्व कर्मचारी संघ से जुड़े अन्य विभागों की यूनियनों का भी समर्थन मिल रहा है। दोपहर 12 बजे पालिका बाजार से जुलूस शुरू हुआ। कर्मचारी बैनर और झंडे लेकर जीटी रोड पहुंचे और नारेबाजी करते हुए संजय चौक गए। यहां से यू-टर्न लेकर जुलूस शहरी विधायक के कार्यालय पहुंचा। कार्यालय के सामने प्रदर्शन के बाद कर्मचारी वापस निगम कार्यालय लौटे, जहां प्रदर्शन समाप्त हुआ।
रोहतक बैठक में तय होगी रणनीति : नगर निगम इकाई प्रधान नरेश कुमार अठवाल और सचिव राजन ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य प्रधान नरेश शास्त्री की अध्यक्षता में रविवार को रोहतक में राज्यस्तरीय बैठक होगी। इसमें आंदोलन को और तेज करने को लेकर आगामी फैसले लिए जाएंगे। दमकल विभाग के प्रधान रणवीर नांदल ने कहा कि अग्निशमन और निगम कर्मचारियों की सभी लंबित मांगें स्वीकार होने तक संघर्ष जारी रहेगा। सरकार ने जल्द वार्ता कर समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन को और सख्त किया जाएगा।