समालखा। जौरासी रोड पर फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार टेंपो ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रसलापुर निवासी शारिक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार तीन साथी साजिद, आरिष और साहिद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया।
रसलापुर निवासी आरिफ ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे उसका भाई शारिक तीन साथियों साजिद, आरिष और साहिद के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर, जौरासी से समालखा की ओर आ रहा था। फायर स्टेशन के सामने पहुंचते ही सामने से आए टेंपो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर परिजन समालखा के सरकारी अस्पताल पहुंचे।
चिकित्सकों ने शारिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों को रोहतक रेफर कर दिया। समालखा थाना प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर टेंपो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।