समालखा। हथवाला रोड के पास फ्लाईओवर पर रविवार तडके करीब तीन बजे जीटी रोड के बीच खड़ी पिकअप से मोटरसाइकिल टकराने पर रोहतक के कुलताना निवासी हिमांशु वत्स (25) की मौत हो गई। हिमांशु का परिवार वर्तमान में सोनीपत में रह रहा है और वह दिल्ली में अपना व्यावसाय करते थे। रविवार को सोनीपत से पानीपत जाते समय ये हादसा हुआ। पुलिस ने उनके पिता की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
रोहतक के कुलताना गांव व हाल निवाीस सोनीपत पुरुषोत्तम प्रसाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा हिमांशु वत्स दिल्ली में निजी नौकरी करता था। रविवार को हिमांशु किसी काम से मोटरसाइकिल लेकर पानीपत जा रहा था। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल हथवाला रोड के नजदीक फ्लाईओवर पर खड़ी एक टाटा पिकअप से टकरा गई। वाहन पर कोई रिफ्लेक्टर भी नहीं लगाया था। इस हादसे में हिमांशु के दोनों हाथों, सिर, कंधे समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इस दौरान मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायल हिमांशु को सरकारी अस्पताल समालखा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और पिता पुरुषोत्तम प्रसाद ने शव की पहचान की। उन्होंने पुलिस से अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और शव का पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है। थाना प्रभारी महीपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद
-