पानीपत। आर्य कॉलेज के पास एक युवती और बिचपड़ी रोड और सेक्टर-29 पर एक-एक युवक से सोमवार को स्नैचरों ने मोबाइल सेट झपट लिया। युवती आर्य कॉलेज के पास घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी, जबकि दोनों युवक फैक्टरी से काम कर अपने-अपने घर जा रहे थे। संबंधित थानों की पुलिस ने मामलों में अज्ञात पर केस दर्ज कर मामलों की जांच शुरू कर दी है।
गांव बाबरपुर निवासी प्रियंका पुत्री मोहन लाल ने बताया कि वो बिशन स्वरूप कॉलोनी में सीए सतीश कुमार के ऑफिस में काम करती है। सोमवार शाम को घर जाने के लिए वह ऑफिस से निकली थी। आर्य कॉलेज के पास वह ऑटो का इंतजार कर रही थी। उसके हाथ में मोबाइल था। बाइक पर पीछे से आए दो युवकों में से एक ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। फिर स्नैचर टोल प्लाजा की ओर फरार हो गए। उसने शोर मचाया लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। उसने सिटी थाना पुलिस में जाकर घटना की शिकायत की।
गांव बिचपड़ी निवासी दीपक तिवारी पुत्र सृष्टिबल्लभ तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वो नूरवाला फैक्टरी में काम करता है। सोमवार शाम को फैक्टरी से वह पैदल घर जा रहा था। रास्ते में मंदिर के पास पीछे बाइक पर आए एक युवक ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। वारदात के वक्त मोबाइल पर वह अपने दोस्त से बात कर रहा था। शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
इसी प्रकार बिहार के जिले सिवान के गांव सलेमपुर निवासी हसनैन अंसारी ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फ्लोरा चौक के पास कपूर सैनी कॉलोनी में किराये पर रहता है। शिव शरणम हैंडलूम फैक्टरी में काम करता है। सोमवार की शाम ड्यूटी खत्म कर अपने कमरे पर जा रहा था। रास्ते में झाड़ियों में से अचानक दो युवक सामने आ गए। दोनों उसे पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। उसे पीटा और मोबाइल छीन लिया। दोनों युवक कृष्णा गार्डन की ओर भागे। लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन आगे जाकर अंधेरे में गायब हो गए। शिकायत के आधार पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।