पानीपत की देसराज कॉलोनी के एक युवक ने ग्रामीण विधायक ओपी जैन के पुत्र पर पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये लेने का आरोप लगाया है।
उसने इसकी शिकायत एएसपी को दी है और उचित कार्रवाई करने की मांग की है। एएसपी ने मामले की जांच कर कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
देसराज कॉलोनी में रहने वाले ईश्वर सिंह ने एएसपी को शिकायत में आरोप लगाया कि उसने ऊंटला निवासी अपने रिश्तेदार प्रदीप को हरियाणा पुलिस में लगवाने को लेकर ओपी जैन के बेटे अतुल जैन से की थी। पूर्व पार्षद जोगिंद्र स्वामी उनके बीच में था और उन्होंने शिवाजी स्टेडियम के सामने स्कूल के कार्यालय में तीन साल पहले सात लाख रुपये दिए थे।
अतुल ने इस मामले का कहीं जिक्र न करने की बात कही थी। गत माह हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल की भर्ती में उसके रिश्तेदार प्रदीप का नाम नहीं मिला। उसने जोगिंद्र स्वामी से संपर्क साधा और इस बारे में अवगत कराया। जोगिंद्र ने उनके पैसे वापस दिलवाने की बात कही, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया।
वह उसकी अनदेखी पर अतुल जैन से मिला और पैसे वापस करने की मांग की। उसने आरोप लगाया कि उसने पैसे देने के बजाय उसके साथ बदसलूकी की और जान से मारन की धमकी देने लगा। एएसपी ने बताया कि अतुल जैन के खिलाफ नौकरी के नाम पर पैसे लेने व बाद में जान से मारने की धमकी देने की शिकायत मिली है। थाना मॉडल टाउन पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले में जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।