फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहरी विधायक के जेठ का लड़का डीजे बंद करने पर एसएचओ से उलझा

Sat, 12 Dec 2015 12:18 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/पानीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
शहरी विधायक के जेठ के लड़के ने अपने साथियों के साथ देर रात को कृष्णा लॉन में डीजे बंद कराने पर थाना चांदनी बाग एसएचओ के साथ बदतमीजी कर दी और अपने चाचा की विधायिकी की धोंस दिखाई।
विज्ञापन


एसएचओ आसपास के लोगों की देर रात तक डीजे चलने की सूचना पर पहुंचे थे और रात को एक बार पहले भी पुलिस ने डीजे बंद कराया था।

एसएचओ ने डीजे को जब्त कर शहरी विधायक के जेठ के लड़के समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया।

मामला बीती देर रात का है। थाना चांदनी बाग के अंतर्गत कृष्णा लॉन में एक समारोह में ऊंची आवाज में देर रात का डीजे बज रहा था।

स्थानीय लोगों ने देर रात तक डीजे बजने की पुलिस को सूचना दी। इसकी सूचना मिलते ही थाना चांदनी बाग की एक पीसीआर लॉन में पहुंची और शिकायत होने की बात कहकर डीजे बंद करा दिया।

पुलिस के वापस आने के कुछ देर बाद उक्त युवाओं ने फिर से डीजे बजाना शुरू कर दिया। स्थानीय निवासियों ने देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को फिर सूचना दी।

एसएचओ चांदनी बाग रामकुमार उस वक्त गश्त पर थे औ वे सूचना मिलते ही कृष्णा लॉन में पहुंचे। उन्होंने डीजे पर नाच रहे युवाओं को आसपास के लोगों की समस्या से अवगत कराया और डीजे बंद करने की बात कही।
विज्ञापन


एक युवक ने अपना नाम सागर रेवड़ी बताया और खुद को शहरी विधायक के पति का चचेरा भाई बताते हुए डीजे बजते रहने की कही।

एसएचओ ने उनको समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे एसएचओ के साथ भी बदतमीजी पर उतर आए। एसएचओ ने इस तरह से डीजे बजाने को कानूनी रूप से गलत बताया, लेकिन उन्होंने डीजे बंद करने की बजाय हुड़दंग तेज कर दिया। थाना प्रभारी मामले को बढ़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया। पुलिस ने डीजे को बंद कराकर जब्त कर दिया और शहरी विधायक सुरेंद्र रेवड़ी के चचेरे भाई कृष्ण रेवड़ी के बेटे सागर रेवड़ी निवासी सेक्टर-12, निखिल उर्फ बाबु, प्रिंस, रजत निवासी सेक्टर 11, रजत निवासी रामनगर,कच्चा कैंप, अविनाश निवासी न्यू क्लाथ मार्किट, नरेश निवासी सेक्टर-11 चंडीगढ़ को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस मामले को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में डालकर सभी छह आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
रातभर बजे फोन, सुबह खुद सुरेंद्र रेवड़ी थाने पहुंचे
चांदनी बाग थाना पुलिस द्वारा विधायक के जेठ के लड़के समेत छह को हिरासत में लेने के बाद पुलिस के फोन बजने शुरू हो गए। राजनेताओं ने भी सागर रेवड़ी समेत बाकी छह को छोड़ने का पूरा दबाव बनाया। पुलिस अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थल पर बदतमीजी के बारे में बताया। सुरेंद्र रेवड़ी रातभर मामले का समाधान न होने पर सुबह थाना चांदनी बाग पहुंचे। उन्होंने एसएचओ व सागर रेवड़ी से भी बात की, लेकिन किसी तरह का हल नहीं हो सका।
गत दिनों भी एएसआई के साथ की थी हाथापाई
पुलिस अधिकारियों के साथ हाथापाई के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। गत दिनों संजय चौक पर ट्रैफिक एएसआई हवासिंह व एक सिपाही के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी थी। जिसमें एएसआई घायल हो गए थे। थाना चांदनी बाग पुलिस ने इसमें तीन को नामजद कर करीब 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके दो दिन बाद थाना सदर एसएचओ अमित कुुमार के साथ यमुना में रेत खनन रोकने पर हाथापाई कर दी थी।
वर्जन
उनको चचेरे भाई के लड़के सागर रेवड़ी द्वारा देर रात को डीजे बजाने की जानकारी लगी है। उन्होंने एसएचओ व बाकी पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया है तो गलत है। कानून की नजर में सब समान हैं और सब पर एक जैसी कार्रवाई होनी चाहिए। वे इसके पक्ष में नहीं हैं। पुलिस को अपनी कार्रवाई करनी चाहिए।
सुरेंद्र रेवड़ी,भाजपा नेता,पानीपत
वर्जन
कृष्णा लॉन में देर रात को डीजे बजाने की सूचना मिली थी। एक पीसीआर कर्मियों को डीजे बंद कराने के लिए भेजा गया था। उनके आने के बाद फिर से डीजे बजाना शुरू कर दिया। पुलिस के पास देर रात डेढ़ बजे फिर स्थानीय लोगों की सूचना आई। वे गश्त के दौरान कृष्णा लॉन में गए। यहां पर कुछ युवा हुड़दंग मचा रहे थे। उन्होंने उनको शांत कर डीजे बंद करने की कही, लेकिन वे बदतमीजी पर उतर आए और उनके साथ भी धक्का मुक्की करने लगे। पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लेकर डीजे जब्त कर लिया और उनके खिलाफ मुकदमा दर्जकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
विज्ञापन

रामकुमार, एसएचओ, थाना चांदनी बाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें