पानीपत। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि लाभार्थियों के राशन काटने का कुछ लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं। ऐसे लोगों और इस तरह की भ्रामक बात करने वालों लोगों से बचने की जरूरत है। उन्होंने ये बात रविवार को सेक्टर 13-17 स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि देश के विकास और राज्य के किसानों के हितों के लिए कई अहम घोषणा की हैं। वर्ष 2047 तक देश विकसित राष्ट्र के रूप में पूरी दुनिया के सामने खड़ा होगा। यह सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार होगा। जिसमें हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना चाहिए। वे वोकल फॉर लोकल के मंत्र को जीवन में उतारें जिससे देश की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। मंत्री ने कहा कि जब हम स्वदेशी को अपनाएंगे तो देश सशक्त होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। मंत्री ने कहा कि इस वर्ष धान खरीद प्रक्रिया को पिछले साल की अपेक्षा 10 दिन पहले शुरू की है। मंडियों में व्यापक प्रबंध किए हैं। उन्होंने खुद कई मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और राइस मिलरों के साथ बैठक कर खरीद प्रक्रिया को सुचारू व तेज करने के निर्देश दिए हैं।
500 रुपये में गैस सिलिंडर देने की योजना पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मंत्री ने स्पष्ट किया कि अब तक 18 लाख पात्र लाभार्थियों ने योजना के तहत पंजीकरण करा लिया है। इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, जिला महामंत्री सुनील कंसल, उपाध्यक्ष नवीन भाटिया, कृष्ण छौक्कर, जिला मीडिया प्रभारी ओमदत्त आर्य, जिला सोशल मीडिया प्रभारी रमेश सैन, जिला सह मीडिया प्रमुख तरुण पसरीजा और कार्यालय सचिव लाजपत मल्होत्रा मौजूद रहे।