बिहार के औरंगाबाद जिले की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया। शनिवार को किशोरी अपनी मां के साथ मौसी के घर पानीपत पहुंची तो उसके पेट में दर्द हुआ, जिसके बाद उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो जांच में गर्भवती होने की पुष्टि हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। मामला बिहार के औरंगाबाद जिले से संबंधित होने के कारण शहर थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाने को भेज दी। उधर, पुलिस ने किशोरी को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किए बिना ही वापस भेज दिया। बाल कल्याण समिति के चेयरमैन ने कहा कि जांच अधिकारी से जवाब मांगा जाएगा।
शनिवार को महिला अपनी 15 साल की बेटी के साथ बिहार से अपनी बहन से मिलने के लिए पानीपत पहुंची थी। रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर बेटी के पेट में दर्द हुआ तो वह उसे दिखाने के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंच गई। जहां पर चिकित्सकों ने जांच की तो किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। अस्पताल के स्टाफ ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी व उसकी मां को थाने पर ले आई। जहां पर पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज किए।