थाना सेक्टर-29 क्षेत्र की कृष्णपुरा कॉलोनी में शनिवार दोपहर बाद एक व्यक्ति व किशोर ने ज्वैलर्स की दुकान पर पहुंचकर 93 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने ठग लिए। दोनों ने पहले सरकारी नौकरी लगने पर मंदिर में सोने चांदी के गहने दान करने का झांसा देकर पंडित को बहलाया। इसके बाद पंडित की पत्नी के साथ ज्वैलर्स की दुकान पर जाकर गहने खरीदे। बाद में मां को गहने दिखाने का बहाना बनाकर वहां से भाग गए। पुलिस ने ज्वैलर्स की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर ठगी करने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
कृष्णपुरा निवासी विजय वर्मा ने बताया कि उनकी कॉलोनी में ही विजय ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शनिवार पौने तीन बजे कॉलोनी के हनुमान मंदिर के पंडित की पत्नी ओमवती उनके पास आई। उसके साथ एक व्यक्ति और एक किशोर भी थे। ओमवती ने कहा कि इन्हें कुछ गहने खरीदने हैं। व्यक्ति ने सोने का एक लॉकेट 3.5 ग्राम और चांदी की पायल करीब 155 ग्राम खरीदी। जिसकी कीमत करीब 93 हजार रुपये बनी थी।