इसराना। महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने मंगलवार को इसराना विधानसभा के सींक, कुराना, आदियाना, नारा व नौहरा गांव में जनसंवाद कार्यक्रम किया। राज्यसभा सांसद कृष्णलाल पंवार उनके साथ रहे। मंत्री के सामने पांच गांवों में 150 से ज्यादा शिकायतें आईं। इसमें फैमिली आईडी, राशन कार्ड, बिजली, पुलिस, गांव में विकास कार्य कम होने से संबंधित रही। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उनके जनसंवाद कार्यक्रम में न पहुंचने पर एसएमओ डॉ. अभय वत्स को सस्पेंड करने और पांच अधिकारियों को नोटिस देने के निर्देश पर आगे के गांवों में अधिकारी गंभीर नजर आए।
अहर निवासी जगबीर ने मंत्री को बताया कि अहर में लड़कियों के स्कूल की तरफ जाने वाली गली बंद पड़ी है। कुराना गांव में बीरो देवी ने बताया कि उन्हें बिजली कनेक्शन नहीं मिला। इसके लिए बिजली निगम के चक्कर काटकर वह थक चुकी हैं। अहर गांव के रामकिशन ने बताया कि फैमिली आईडी में ढाई लाख की आय दिखाकर उसका राशन कार्ड काट दिया। राजकीय स्कूल अहर की मिड डे मील कार्यकर्ताओं को छह माह से मानदेय नहीं मिला। पंचायत समिति सदस्य जगमहेंद्र कुराना ने कहा कि उसने कई मांग अधिकारियों के सामने रखी, लेकिन उसका दिया एक भी काम नहीं हुआ। उसने अनदेखी के आरोप लगाए।
राज्यसभा सांसद कृष्णलाल पंवार ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रमों से लोगों की समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचेंगी। आज खेतों का पानी टेल तक पंहुच रहा है। प्रदेश में तालाबों के सुंदरीकरण का कार्य जोरों पर है और प्रदेश में 1618 गांवों के तालाबों का सुंदरीकरण हो चुका है। पात्र व्यक्ति की समस्या का समय पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम मुख्यमंत्री का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इसकी उच्च अधिकारियों की देखरेख में निगरानी की जा रही है। इस मौके पर कार्यक्रम में एसडीएम मनदीप सिंह, बीडीपीओ विवेक कुमार, नायब तहसीलदार सौरभ शर्मा, पंचायत समिति चेयरमैन हरपाल मालिक, जिला पार्षद सुदेश आर्य, पूर्व पार्षद रंजीता कौशिक व सरपंच सुदेश, सीडीपीओ पुष्पा देवी व एबीपीओ संदीप कुमार मौजूद रहे।