संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। बाजार में दूध सप्लाई कर घर लौट रहे दुधिया के बेटे पर कुछ युवकों ने घेराव कर चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके बचाव में पहुंचे युवक को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल युवक आशीष के बयान पर मामला दर्ज कर दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान प्रदीप व दीपक समालखा के रूप में हुई है।
चौकी पुलिस को दी शिकायत में शास्त्री काॅलोनी निवासी आशीष ने बताया कि उसके पिता पवन कुमार दूध सप्लाई का काम करते हैं। जिसमे वह पिता का हाथ बंटाते हैं। वह रोजाना की तरह सोमवार शाम को बाजार में दूध सप्लाई करके करीब नौ बजे जैसे ही चुलकाना फ्लाईओवर के नीचे पहुंचा तो प्रदीप उर्फ मोना व दीपक अपने तीन-चार साथियों के साथ पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने बताया कि उन्होंने उसके ऊपर ताबड़तोड़ चाकुओं से वार किए। इतना ही नहीं उसका बचाव करने आए गौरव के पेट में भी चाकू मारा।
समालखा थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि युवक को चाकू मारने के दोनों आरोपियों को मंगलवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।