पानीपत। प्रदेशभर की मिड डे मील वर्कर्स अपनी मांगों के लिए तीन अगस्त को शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से मिलने पानीपत पहुंचेगी। जिले समेत सभी मिड डे मील वर्कर्स सुबह 11 बजे नई अनाज मंडी बारबवुर में इकट्ठा होंगी और उसके बाद शिक्षा मंत्री के कार्यालय पर पहुंचेगी।
मिड डे मील वर्कर्स यूनियन हरियाणा (1933) की प्रदेशाध्यक्ष राजरानी, महासचिव जयभगवान और जिला अध्यक्ष निर्मला व सचिव कविता ने बताया कि अपनी लंबित मांगों के लिए पानीपत समेत पूरे हरियाणा की मिड डे मील वर्कर्स तीन अगस्त रविवार को सुबह 11 बजे नई अनाज मंडी बारबपुर में इकट्ठा होंगी। वहां से शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के कार्यालय की ओर कूच करेंगी। इस राज्य स्तरीय आक्रोश प्रदर्शन में प्रमुख मुद्दे मिड डे मील वर्कर्स को पक्का किया जाए, वेतन बढ़ोतरी कर न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये और इसे 12 महीने लागू किया जाए। रिटायरमेंट लाभ पांच लाख रुपये करना है। इनके साथ वर्दी भत्ता दो हजार रुपये किया जाए। स्कूल मर्ज करना और बंद करने के निर्णय वापस हों। हटाई गई वर्कर्स को काम पर लिया जाए। 12वीं कक्षा तक के बच्चों को मिड डे मील योजना में शामिल किया जाना है। ब्यूरो