पानीपत। सरकारी चिकित्सकों ने एचसीएमएस (हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज) के बैनर तले तीन दिवसीय विरोध प्रदर्शन के दूसरे दिन बुधवार को सीएमओ को ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने एसएमओ की सीधी भर्ती किसी भी सूरत में न होने देने की सलाह दी।
यूनियन के पदाधिकारी वीरवार को तीसरे दिन स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय का घेराव करेंगे। एचसीएमएस के जिला प्रधान डाॅ. रिंकू सांगवान की अगुवाई में चिकित्सकों ने सीएमओ डॉ. विजय मलिक को ज्ञापन सौंपा। सीएमओ ने उनकी मांगों को निदेशालय तक भेजने का आश्वासन दिया।
जिला प्रधान डॉ. रिंकू ने बताया कि पिछले साल भी एसोसिएशन ने एसएमओ की सीधी भर्ती रोकने के लिए विरोध जताया था। उस समय इस पर रोक लगा दी गई थी। इसे अब फिर से शुरू किया जा रहा है। एसएमओ की सीधी भर्ती नहीं होनी चाहिए। सरकार पदोन्नति कर रिक्त पदों को भर सकती है। उन्होंने कहा कि वीरवार को जिले के पांच सदस्यों की टीम प्रदेश मुख्यालय पर प्रदर्शन में शामिल होगी।