पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल परिसर में 21 करोड़ की लागत से बन रही एमसीएच (मैटरनल एंड चाइल्ड हेल्थ) विंग का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसकी सौगात मार्च के अंतिम सप्ताह में मिलेगी। फिलहाल बिल्डिंग का रंगाई पुताई का काम चल रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर पूरा हो चुका है। अब फर्श व फर्नीचर काम लंबित है। एमसीएच विंग व जिला नागरिक अस्पताल के बीच अब कनेक्टिविटी भी बनेगी। इसके लिए सिविल सर्जन ने मुख्यालय में प्रस्ताव बनाकर भेजा है। एमसीएच विंग व जिला नागरिक अस्पताल के बीच दूरी लगभग 50 मीटर है। दोनों को आपस में कनेक्ट करने के लिए दोनों के दूसरे और पांचवें तल पर कनेक्टिविटी बनाई जाएगी ताकि मरीजों व तीमारदारों को नीचे उतरकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर न जाना पड़े। कनेक्टिविटी का अलग से टेंडर होगा निर्माण किया जाएगा।
सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा भी पीडब्ल्यूडी को जल्द काम करने के लिए पत्र भी लिखा है। बिल्डिंग का काम दिसंबर 2023 तक पूरा होना था, लेकिन बिल्डिंग के टेंडर में देरी और भुगतान में देर होने से होने पर काम में देरी हुई है। 2021 में कुरुक्षेत्र की निजी कंपनी ने एमसीएच विंग की बिल्डिंग का निर्माण कार्य शुरू किया था। अब तक विंग का ढांचा पूरा तैयार हो चुका है एमसीएच विंग शुरू होने पर जिला नागरिक अस्पताल 300 बेड का होगा। फिलहाल 200 बेड का सिविल अस्पताल है और 100 बेड की एमसीएच विंग बनाई जा रही है। विंग पंचकूला की तर्ज पर बनाई जा रही है। बिल्डिंग 23 हजार 425 वर्ग फीट में बनाई जा रही है।
2018 में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पानीपत में एमसीएच विंग के निर्माण को हरी झंडी दी थी। जून 2021 में विंग का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। विंग में प्रसव से पहले गर्भवती महिलाओं को रखने के लिए बेड होंगे। प्रसव संपन्न कराने के लिए 20 टेबल होंगी। प्रसव उपरांत 48 से 72 घंटे अस्पताल में भर्ती पहले के लिए जच्चा-बच्चा के लिए पर्याप्त बेड होंगे। महिला ओपीडी, शिशु रोग ओपीडी, स्पेशल न्यू बोर्न चाइल्ड केयर यूनिट (एसएनसीयू) बनेगी। एक ऑपरेशन थियेटर भी बन सकता है। जच्चा-बच्चा का चेकअप और इलाज एक छत के नीचे होगा।
वर्जन-
जिला सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि एमसीएच विंग व जिला नागरिक अस्पताल के बीच कनेक्टिविटी बनेगी। इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है। दो तलों से कनेक्टिविटी होगी। जल्द इसके लिए अलग से टेंडर होने की उम्मीद है। उम्मीद है कि मार्च में बिल्डिंग का उद्घाटन होगा।