पानीपत। 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए पानीपत गणित ओलंपियाड लेवल-1 परीक्षा का आयोजन 10 मई को किया जाएगा। जिला शिक्षा विभाग ने परीक्षा के आयोजन को लेकर शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा में भाग लेने के लिए विद्यार्थी 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थियों का आधा घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों तथा राजकीय व निजी विद्यालय प्रमुखों को जिला स्तरीय गणित ओलंपियाड (डीएलएमओ) में जागरूकता और अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और चयनित छात्रों के लिए नि:शुल्क कोचिंग देने के बारे में जरूरी निर्देश जारी किए हैं। निर्देशानुसार गणित ओलंपियाड लेवल-1 की परीक्षा में सभी राजकीय व मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के 11वीं, 12वीं कक्षा के विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। वहीं, परीक्षा के आयोजन को लेकर जिला शिक्षा विभाग द्वारा तैयारी पूरी कर ली है। गणित ओलंपियाड एक प्रतियोगी परीक्षा है। यह परीक्षा छात्रों में गणित के प्रति रुचि और कौशल को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की जाती है। यह परीक्षा लेवल-1 और लेवल-2 स्तरों में आयोजित की जाती है। यह परीक्षा छात्रों के लिए बुनियादी गणित कौशल का मूल्यांकन करेगी। लेवल-1 में सफल होने वाले छात्र लेवल-2 परीक्षा के लिए पात्र होंगे। प्रतियोगिता के जिला स्तर पर टॉप-10 विजेताओं को विशेष छात्रवृत्ति और मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। वहीं, अन्य प्रतिभागी डिजिटल सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकेंगे। प्रत्येक खंड से टॉप-35 विद्यार्थी हरियाणा गणित ओलंपियाड की निशुल्क कोचिंग लेने के पात्र होंगे। परीक्षार्थियों के लिए अपने विद्यालय की वर्दी में परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है।
बाक्स
160 अंक की होगी परीक्षा, पूछे जाएंगे 40 प्रश्न
पानीपत गणित ओलंपियाड लेवल-1 परीक्षा 160 अंक की होगी जिसमें 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न का सही उत्तर देने पर चार अंक मिलेंगे। एक से 35 प्रश्न बहुविकल्पीय आधारित होंगे जिनमें निगेटिव मार्किंग भी होगी। निगेटिव मार्किंंग में एक अंक काटा जाएगा। वहीं, प्रश्न संख्या 36 से 40 एक अंकीय उत्तर वाले होंगे जिनमें निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। परीक्षा की अवधि 120 मिनट होगी। परीक्षा में नौवीं, 10वीं तथा 11वीं कक्षा के गणित पर आधारित एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के प्रश्न पूछे जाएंगे।
वर्जन-
जिला शिक्षा विभाग द्वारा पानीपत गणित ओलंपियाड लेवल-1 परीक्षा का आयोजन 10 मई को किया जाएगा। विद्यार्थी 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकेंगे। यह निशुल्क रहेगा। यह पहल छात्रों को प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने और गणित में रुचि बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।
- डॉ. देवेंद्र दत्त, जिला गणित विशेषज्ञ, पानीपत।