पानीपत। अजीजुल्लापुर गांव में तीन साल के बच्चे की टॉयलेट क्लीनर पीने से मौत हो गई। टॉयलट क्लीनर शौचालय में दूसरी बोतल में रखा था। परिजनों ने गलती से इसे पीने की बात कही है। सेक्टर-13-17 थाना की पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मूल रूप से बिहार के सुपौल जिला निवासी सुहैल ने बताया कि वह तीन दिन पहले परिवार के साथ पानीपत में आय था। जहां पर वह काम की तलाश कर रहा था। एक जानकार के साथ गांव अजीजुल्लापुर में किराये के मकान में रह रहा है। उसके तीन बच्चे हैं। जिनमें सबसे छोटे बेटे शोएब की उम्र तीन साल थी। शोएब शनिवार की देर शाम को घर के बाहर खेल रहा था। वह कुछ देर बाद घर पर आया और उसने पानी समझकर बोतल में रखे टॉयलेट क्लीनर को पी लिया। जिससे उसकी हालत खराब हो गई। परिजन उसको लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहंचे। चिकित्सकों ने बच्चे का उपचार शुरू किया। पहले तो बच्चे की हालत में सुधार हुआ लेकिन देर रात करीब तीन बजे एक बार फिर उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर 13/17 की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना सेक्टर 13/17 के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि बच्चे की मौत की सूचना पर पुलिस टीम भेजी गई थी। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
-