समालखा। कोरोना के चलते निरंकारी मिशन का 74वां वार्षिक समागम भी वर्चुअल ही होगा, लेकिन इस बार सद्गुरू माता सुदीक्षा महाराज जीटी रोड पर भोड़वाल माजरी स्थित संत निरंकारी अध्यात्मिक स्थल से प्रवचनों से साध संगत को आशीर्वाद देंगी। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। आसपास के विभिन्न शहरों, गांवों से आए सैकड़ों सेवादार इसके लिए तैयारियों में लगे हुए हैं।
समागम 27 से 29 नवंबर तक होगा। कोविड-19 के मामले बेशक कम हो गए हों , लेकिन इसका खतरा पूरी तरह से टला नहीं है। जिसको देखते हुए संत निरंकारी मिशन द्वारा 74वां वार्षिक समागम वर्चुअल होगा। गत वर्ष 73वां समागम भी वर्चुअल ही हुआ था। तब माता सुदीक्षा ने दिल्ली से प्रवचन दिए थे। लेकिन इस बार माता सुदीक्षा समालखा के भोड़वाल माजरी स्थित संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल से प्रवचन देंगी। समागम की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। देश की संस्कृति एवं संप्रभुता की बहुरंगी छठा इस वर्ष भी वर्चुअल रूप में दर्शायी जाएगी। इस बार समागम विश्वास, भक्ति, आनंद विषय पर आधारित है जिसमें विश्वभर से वक्ता, गीतकार तथा कविजन अपनी प्रेरक एंव भक्तिमय प्रस्तुति व्यक्त करेंगे।
कोरोना टीके की दोनों डोज लगवाए सेवादार ही कर रहे सेवा-
समागम पूर्णत: वर्चुअल रूप में आयोजित किया जा रहा है। किंतु इसे जीवंत स्वरूप देने के लिए मिशन के सेवादारों द्वारा दिन-रात अथक प्रयास किए जा रहे हैं। कोविड टीके के दोनों डोज लगवा चुके लोगों को ही सेवा के लिए आध्यात्मिक स्थल पर आने दिया जा रहा है। उनके टीकाकरण के सर्टिफिकेट जांच की जा रही है।