समालखा। मनाना गांव में हरियाणा दिवस पर नेशनल स्टाइल कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 38 किलोग्राम भार वर्ग में मनाना और 50 किलोग्राम में ढोडपुर की टीम प्रथम रही।
प्रतियोगिता में जिलेभर की करीब 60 टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल मैदान में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के 38 किलोग्राम भार वर्ग में मनाना की टीम ने प्रथम और चुलकाना की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं 50 किलोग्राम भार वर्ग में ढोडपुर की टीम प्रथम, मनाना स्टेडियम की टीम द्वितीय और मनाना स्कूल की टीम तृतीय स्थान पर रही।
मुख्यातिथि भारतीय कबड्डी टीम के खिलाड़ी अयान लोहचब रहे। उन्होंने विजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों और शिक्षा में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। इस मौके पर कबड्डी कोच दिलबाग, सुरेंद्र सिंह व सतबीर राठी मौजूद रहे।
4