जिस प्रकार रोहतक में लघुशंका कर रहे लोगों को बदमाश अपना निशाना बनाकर लूटपात कर रहे हैं, वैसे ही पानीपत में भी सेक्टर 29 स्थित कृष्णा गार्डन के पास लघुशंका कर रहे युवक से तीन बदमाशों ने मोबाइल व साढे़ नौ हजार रुपये लूट लिए। युवक ने विरोध किया तो बदमाशों ने मारपीट की। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सैफअली निवासी बल्हेड़ा, करनाल ने बताया कि वह शुक्रवार को शाम सात बजे ऑटो में अपने ससुराल में जा रहा था। वह शाम गार्डन के पास ऑटो से उतर गया और पैदल ही कृष्णा गार्डन वाली गली में चलने लगा। वह मोड़ पर लघुशंका करने के लिए झाड़ियों में चला गया। इसी बीच तीन बदमाश आए और एक ने पकड़ा, दूसरे ने फोन व साढे़ नौ हजार रुपये निकाल लिए, जबकि तीसरे बदमाश ने उसके साथ मारपीट की। उसने आवाज लगानी शुरू की तो वह जान से मारने की धमकी देकर रिसालु रोड की तरफ भाग गए। वह अपनी ससुराल पहुंचा और ससुर जमसेद के फोन से पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, उसने पुलिस के साथ मिलकर ढूंढा, लेकिन उनका कोई अता पता नहीं लग पाया। जांच अधिकारी सुभाष चंद ने बताया कि युवक पहले एक फैक्ट्री में वॉशिंग मशीन चलाता था, अब कुछ माह से बकरी पालन का कारोबार रहा है। सीसीटीवी खंगाल रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।