पानीपत। पानीपत रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पार करते हुए अचानक एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
हादसा पानीपत रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब नौ बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, पानीपत के किला मोहल्ला निवासी विनोद कुमार दिल्ली जाने के लिए पानीपत रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर वह प्लेटफार्म पर पहुंचने के लिए रेलवे ट्रैक पार करने लगे। जैसे ही वह ट्रैक पर पहुंचे तो उसी समय ट्रैक पर कोचुवेली-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। ट्रेन ने विनोद को अपनी चपेट में ले लिया। तुरंत ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। जांच अधिकारी धर्मपाल ने बताया कि सुबह ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।