समालखा। नई अनाज मंडी में उठान नहीं होने के कारण हर तरफ गेहूं के कट्टे ही कट्टे नजर आ रहे हैं। इससे मंडी में जाम की स्थिति पैदा हो गई है।
गेहूं की आवक लगातार बढ़ रही है जिससे किसानों को अपनी फसल उतारने में भी परेशानी हो रही है। विधायक मनमोहन भड़ाना और एमडी हैफेड ने भी उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद भी लिफ्टिंग नहीं हो पा रही है।
मंडी में अभी तक केवल 76 हजार क्विंटल गेहूं का ही उठान हो सका है जबकि अभी तक आवक 4,36,600 क्विंटल की हो चुकी है। इसमें हैफेड ने 2,18,600 क्विंटल खरीद की है और उठान 54 हजार क्विंटल का हुआ है। वहीं, फूड एंड सप्लाई द्वारा 1,38,900 क्विंटल की खरीद हुई है और उठान 21,500 क्विंटल तथा वेयर हाउस द्वारा 17500 क्विंटल की खरीद हुई है जबकि उठान 500 क्विंटल का हुआ है। गत वर्ष की तुलना में 50 प्रतिशत गेहूं मंडी में आ चुका है।
गत सप्ताह विधायक मनमोहन भड़ाना व हैफेड के एमडी ने भी मंडी का दौरा कर आढ़तियों व किसानों की समस्याएं सुनी थी।