एल्डिको में 38 वर्षीय माली की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। वीरवार की शाम चार बजे माली और ट्रैक्टर चालक घासफूस उठाने के लिए वाहन लेकर निकले। इस दौरान एक तेज रफ्तार कार आई और उसके बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर चालक ने कट मारा, जो डिवाइटर पर चढ़कर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने पर माली सड़क पर गिरा और उसके ऊपर ट्रैक्टर गिर गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक के भाई ने एफआईआर में गलत तथ्य देने का आरोप लगाया है।
पुलिस की एफआईआर के मुताबिक ट्रैक्टर माली प्रदीप (38) चला रहा था और उसी के कट मारने पर ट्रैक्टर पलटा और उसके नीचे दबकर उसकी मौत हो गई। वहीं माली प्रदीप के भाई हरिनंदन मूल निवासी फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश का आरोप है कि ट्रैक्टर हादसे में घायल सुभाष चला रहा था, जोकि ट्रैक्टर चालक है। जबकि उसका भाई बगल में बैठा था। उसने पुलिस को बताया कि वह भाई प्रदीप के साथ पानीपत में हनुमान कॉलोनी में रहते हैं और एल्डिको में माली का काम करते हैं। हादसे के बाद उसने बचाव के लिए आवाज लगाई तो सिक्योरिटी गार्ड आए, जिन्होंने भाई प्रदीप और सुभाष को बाहर निकाला। उन्हें सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुभाष को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
वर्जन
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनो को सौंप दिया है, वहीं मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है, मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
- अनिरुद्ध चौहान इंस्पेक्टर, सदर थाना प्रभारी