पानीपत। ठग ने एक मशीन उद्यमी को कॉल कर खुद को बैंक कर्मचारी बताया। उसका क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करने का झांसा देकर उद्यमी से लिंक पर क्लिक कराया। उद्यमी ने लिंक खोल कर जैसे उसमें कार्ड की डिटेल भरी। उद्यमी के खाते से ठग ने 2.03 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित उद्यमी ने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तहसील कैंप के न्यू विकास नगर निवासी रशीद ने बताया कि वह मशीन निर्माता है। उसके पास मंगलवार को एक कॉल आई थी। कॉलकर्ता ने उसे कहा कि वह आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी है। उसने उसे कहा कि अगर उसने क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट नहीं कराया तो उसका कार्ड बंद हो जाएगा। उसने क्रेडिट कार्ड को एक्टिवेट करने के लिए उसके पास एक लिंक भेजा। उसने लिंक खोला और क्रेडिट कार्ड का नंबर उसमें डाला। इसके बाद उसके खाते से 2.03 लाख रुपये निकल गए। उसने 1930 नंबर पर कॉल कर खाते को बंद कराया। उसकी पुलिस से मांग है कि ठगी के आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए।