समालखा। करहंस जौरासी गांव रोड पर एक कार चालक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार मशीन ऑपरेटर की मौत हो गई। ऑपरेटर सिवाह गांव के पास स्थित कंबल फैक्ट्री से काम कर घर लौट रहा था।
समालखा थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी की धरपकड़ में जुटी है। जौरासी खास गांव निवासी अमित (32) की दो साल पहले शादी हुई थी। वह सिवाह गांव के पास स्थित कंबल की कंपनी में बतौर मशीन ऑपरेटर कार्यरत था।
अमित वीरवार रात को नाइट ड्यूटी पर आया था। वह सुबह नौ बजे ड्यूटी खत्म कर अपने घर जा रहा था। सुबह लगभग 10 बजे करहंस जौरासी रोड पर सामने से आ रही कार ने अमित की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में अमित की मौके पर ही मौत हो गई।