पानीपत। मुखड़ों प्यारो-प्यारो अखियां अमृत की प्याली..., साथी हमारा कौन बनेगा, तुम ना सुनोगे तो कौन सुनेगा...मैं के बोलू श्याम धनी तने सब बातों का बेरा से...समेत श्याम के भजनों की कोलकाता के मशहूर कलाकार राज पारिक ने प्रस्तुति दी तो हर कोई झूमने को मजबूर हो गया। इनके साथ पानीपत के कलाकार साहिल शर्मा ने सुंदर भजनों से सबका मन मोह लिया।
शनिवार को मौका रहा चुलकाना धाम मित्र मंडल द्वारा बाबा श्याम का पांचवें श्याम मनुहार महोत्सव का। प्राचीन देवी मंदिर में आयोजित महोत्सव शाम को शुरू होकर देर रात तक चला। श्याम बाबा के भजनों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
श्याम के मनमोहक भजनों पर मंत्रमुग्ध होकर लोग नाचते रहे। इस बार खास रहा कि श्याम का हीरे-मोतियों और नवरत्नों से श्रृंगार किया गया। संकीर्तन में लोगों ने बाबा के विशाल निशान पर मनोकामना पूर्ण होने के लिए मनोकामना सूत्र बांधा। मुख्यातिथि नितिन जैन, रामेश्वर मितल और संजय अग्रवाल ने बाबा श्याम के सामने दीप प्रज्ज्वलित किया।
पंडित प्रवीण शास्त्री ने मंत्रोच्चारण कर ज्योत जलाकर पूजन कराया। प्रसाद के रूप में बाबा के नोटों का खजाना श्रद्धालुओं में बांटा गया। श्याम महोत्सव में सनातन संकीर्तन वृंदावन से श्याम बिहारी दास, जया श्री देवी दासी ने भी बाबा के मधुर भजन महोत्सव के बीच में जलपान व भंंडारा लगाया गया। इससे पहले रामलाल कंसल, गौरव गुप्ता, राहुल कंसल व संदीप तायल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर राजेश गुप्ता, गोपाल तायल, ईश्वर गोयल, रामनिवास कंसल, विजय गर्ग, राकेश बंसल, अनूप जैन उपस्थित रहे।