पुलिस के तमाम पहरों और सुरक्षा के दावों के बीच शहर के बीचोंबीच लूटपाट और झपटमारी की वारदात हो गई।
बदमाश थाना मॉडल टाउन के नजदीक इंडस्ट्रियल एरिया से गन प्वाइंट पर एक व्यक्ति से मोबाइल और नकदी लूट ले गए और आठ मरला चौक से महिला का पर्स झपट लिया। लूटपाट की वारदात को तीन बदमाशों ने अंजाम दिया है और महिला के साथ झपटमारी करने के दो आरोपी थे।
उसके पर्स में 6500 रुपये और अन्य सामान था। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने दोनों वारदात में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक ही थाना क्षेत्र में लूट और झपटमारी की वारदात होने पर लोगों को जान और माल की एक बार फिर से चिंता सताने लगी है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने दोनों में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों को जल्द ही काबू कर वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है।
गन प्वाइंट पर मोबाइल और रुपये लूटे
थाना मॉडल टाउन के अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया से तीन बदमाशों ने एक व्यक्ति से गन प्वाइंट पर मोबाइल और नकदी लूट ली। सफीदों के पाजू कलां निवासी सोमवीर ने थाना पुलिस को शिकायत दी है। उसने बताया कि वह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री के नजदीक था।
इसी समय तीन युवक आए और उस पर पिस्तौल तान दी। तीनों बदमाश उससे मोबाइल और डेढ़ सौ रुपये लूट ले गए। उसने तीनों को पकड़ने का भी प्रयास किया। लेकिन वे उसको धमकी देकर फरार हो गए। थाना मॉडल टाउन पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और उसके बयान दर्जकर लूटपाट और आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया।
आठ मरला चौक पर एक महिला के साथ दो बदमाशों ने झपटमारी कर ली। दोनों बदमाश उसका पर्स झपटकर फरार हो गए। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया है। मॉडल टाउन स्थित गोल मार्केट निवासी महिला उषा ने थाना पुलिस को शिकायत दी है।
उसने बताया कि वह किसी काम से आठ मरला चौक पर गई थी। यहां पर दो बदमाश उसका पर्स झपटमार फरार हो गए। उसने बताया कि पर्स में 6500 रुपये नकद और एक मोबाइल था। पुलिस ने नुकसान 12 हजार रुपये आंका है और महिला की शिकायत पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर में कई दिन की शांति के बाद लूट और झपटमारी की वारदात एक बार फिर से बढ़ गई हैं। शहरवासियों में बदमाशों को लेकर पहले ही डर बना हुआ है। वारदातों के शुरू होने पर एक बार फिर जान व माल का डर सताने लगा है। शहरवासी पुलिस अधिकारियों तक को गुहार लगा चुके हैं।
थाना मॉडल टाउन के अंतर्गत लूट और झपटमारी की दो वारदात हुई हैं। पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच गई थी और दोनों में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को काबू कर वारदात का खुलासा कर देगी।
अनिल कुमार, पीआरओ, पुलिस पानीपत