समालखा। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुदेश कुमार शर्मा ने सोमवार को समालखा न्यायिक परिसर में वकीलों व जजों के साथ लोहड़ी का उत्सव मनाया। इससे पहले उन्होंने समालखा बार परिसर में करीब 15 लाख रुपये की लागत से लगाई लिफ्ट और मेन गेट का उद्घाटन कर वकीलों को समर्पित किया।
समालखा बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित लोहड़ी उत्सव मे बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुदेश कुमार शर्मा ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों व वकीलों को लोहड़ी की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर उन्होंने वकीलों को संबोधित करते हुए बताया कि उन्हें खुशी है कि समालखा बार एसोसिएशन तरक्की कर रही है। आज लिफ्ट व गेट का उद्घाटन करते हुए अपार हर्ष हो रहा है। बार व न्यायिक परिसर की कनेक्टिविटी का प्रपोजल हाईकोर्ट की बिल्डिंग कमेटी को भेजा गया है हाईकोर्ट की अनुमति मिलते ही कनेक्टिविटी कर दी जाएगी। इससे पहले पानीपत के सीजेएम महेंद्रा सिंह, समालखा एसडीएम अमित कुमार,समालखा के एसडीजेएम संजय कुमार व जेएमआईसी प्रतिभा महला व जेएमआईसी शैली नैन ने भी बार एसोसिएशन को लोहड़ी पर्व की बधाई दी। इस मौके पर समालखा बार एसोसिएशन के प्रधान सचिन छौक्कर,उप प्रधान रोहताश कुमार, महासचिव मुकेश कहराणा, सह सचिव ईश्वर छौक्कर व कैशियर पंकज छौक्कर उपस्थित रहे।