फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: हथवाला में फिर दिखा तेंदुआ, खेतों में जाने से कतरा रहे ग्रामीण

विज्ञापन
विज्ञापन
ग्रामीणों का दावा, पुराने बांध के पास लेटा था, आज लगाया जाएगा पिंजरा
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा (पानीपत)। हथवाला गांव में यमुना के नजदीक पुराने बांध के आसपास तेंदुए की मौजूदगी से किसानों में दहशत बनी हुई है। रविवार शाम को ब्लॉक समिति के पूर्व चेयरपर्सन प्रतिनिधि दीपक त्यागी और अन्य किसान बाइक से खेतों की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पुराने बांध के पास कुछ दूरी पर उन्हें तेंदुआ लेटा दिखाई दिया। तेंदुए को देखकर किसान घबरा गए और तुरंत बाइक वापस मोड़कर वहां से निकल गए। वन्य प्राणी विभाग मंगलवार को तेंदुए को पकड़ने के लिए खेतों में पिंजरा लगाएगा।

सोमवार सुबह कुछ किसानों को पुराने बांध के आसपास खेतों में तेंदुए के पंजों के निशान मिले। किसानों ने इनकी फोटो और वीडियो वन्य प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर को भेजकर सूचना दी। विभागीय इंस्पेक्टर ने निशानों की जांच के बाद क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की आशंका जताई और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी।
विज्ञापन

तेंदुए को देखकर वापस लौटे किसान
हथवाला निवासी दीपक त्यागी ने बताया कि पिछले कई दिनों से गांव के खेतों में तेंदुए की मौजूदगी की चर्चा है। इससे किसानों में भय बना हुआ है और वे खेतों में जाने से भी कतरा रहे हैं। रविवार शाम वह अपने साथी किसान के साथ बाइक से खेतों की तरफ जा रहे थे। यमुना क्षेत्र के नजदीक पुराने बांध पर पहुंचने पर कुछ दूरी पर तेंदुआ लेटा दिखाई दिया। उसे देखकर दोनों घबरा गए और तुरंत बाइक वापस मोड़कर वहां से निकल गए। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को भी इसकी सूचना दी।

दीपक त्यागी के अनुसार, सोमवार सुबह कुछ किसान एकत्रित होकर पुराने बांध की तरफ गए तो रास्ते में कई जगह पंजों के निशान दिखाई दिए। किसानों ने उनकी फोटो और वीडियो बनाकर विभागीय इंस्पेक्टर को भेजी। उन्होंने बताया कि इससे पहले विभाग के इंस्पेक्टर ने मौके का निरीक्षण किया था, लेकिन तब तेंदुए की मौजूदगी के ठोस प्रमाण नहीं मिले थे। उस समय पंजों के निशान कुत्तों के बताए गए थे। अब दोबारा मिले निशानों की जांच के बाद इंस्पेक्टर ने करीब 90 प्रतिशत तेंदुआ होने की संभावना जताई है।
विज्ञापन


मंगलवार को खेतों में लगाया जाएगा पिंजरा
वन्य प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि खेतों में पिंजरा लगाने के लिए विभाग के एचओडी से अनुमति लेने के संबंध में अवगत कराया गया है। मंगलवार को तेंदुए को पकड़ने के लिए खेतों में पिंजरा लगाया जाएगा। उन्होंने किसानों और ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा अकेले खेतों की तरफ नहीं जाने की सलाह दी है। इससे पहले भी गांव के दो-तीन किसानों का तेंदुए से आमना-सामना हो चुका है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें