माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। जन्माष्टमी के लिए शहर के प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बाल गोपाल यानी लड्डू गोपाल के स्वागत और शृंगार के लिए बाजार सज चुके हैं। दुकानों पर रंग-बिरंगी पोशाकों, नक्काशीदार पालनों, मुकुट, बांसुरी और श्रृंगार सामग्री की कई वैरायटी उपलब्ध हैं। भक्त आराध्य के जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं और पसंद के अनुसार पोशाक, झूले और अन्य सामान खरीद रहे हैं।
इंसार बाजार, असंध रोड, गोहाना रोड, मॉडल टाउन समेत शहर की विभिन्न मार्केटों में लड्डू गोपाल के सामान की दुकानें सज गई हैं। लोग यहां जमकर खरीदारी कर रहे हैं। कुछ लोग नए लड्डू गोपाल को घर लाने की तैयारी कर रहे हैं तो कई परिवार अपने घर में विराजमान लड्डू गोपाल के जन्मोत्सव को विशेष बनाने के लिए खरीदारी कर रहे हैं। इस बार पारंपरिक सामान के साथ मॉडर्न और ट्रेंडी आइटम भी ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं।
जन्माष्टमी के चलते बाजारों में देर शाम तक लोगों की आवाजाही बनी हुई है। लोग अपने बजट के अनुसार बाल गोपाल के लिए आकर्षक सामान खरीद रहे हैं। मुख्य बाजार के दुकानदार निशांत सोनी ने बताया कि इस बार ग्राहकों में काफी उत्साह है। राजस्थान, दिल्ली और मथुरा से नया कलेक्शन मंगवाया गया है। ग्राहक साधारण सामान के बजाय यूनिक डिजाइन वाली पोशाकों और एलईडी वाले झूलों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
सेक्टर-11 निवासी सीमा गुप्ता ने बताया कि हर साल जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल के लिए कुछ नया खरीदने का मन रहता है। इस बार बाजार में जरदोजी की सुंदर पोशाकें और एलईडी वाले झूले आए हैं। उन्होंने अपने लड्डू गोपाल के लिए एलईडी वाला झूला खरीदा है।
बाजार में ये सामान बने आकर्षण का केंद्र : मल्टीकलर एलईडी और स्टील के झूले: मल्टीकलर एलईडी लाइट से सजे झूले और आकर्षक फिनिशिंग वाले स्टील के झूले इस बार खास पसंद किए जा रहे हैं। जरदोजी और स्टोन वर्क वाली पोशाकें: पारंपरिक पीले और लाल रंग के अलावा पेस्टल ग्रीन, स्काई ब्लू और बेबी पिंक रंग की नेट फैब्रिक, जरदोजी और कोन वर्क वाली पोशाकों की मांग है। आर्टिफिशियल फ्लावर बंगला और मोरपंखी मुकुट: लड्डू गोपाल के लिए फूलों से सजी कुटिया यानी फूल बंगला और बड़े आकार के मोरपंख वाले राजशाही मुकुट खूब पसंद आ रहे हैं।
सामान
कीमत
कॉटन व सिंपल प्रिंटेड पोशाक
50 से 150 रुपये
फैंसी स्टोन, नेट व जरदोजी वर्क वाली पोशाक
200 से 800 रुपये
लकड़ी व साधारण मेटल के झूले
150 से 500 रुपये से अधिक
एलईडी, मीनाकारी व ब्रास के झूले
600 से 2,500 रुपये से अधिक
बांसुरी (मोती व मेटल वर्क)
30 से 150 रुपये
मुकुट, कंगन, कुंडल व हार सेट
50 से 350 रुपये
बेड, गद्दे व पंखी सेट
100 से 400 रुपये