पानीपत। चांदनी बाग थाना के अंतर्गत वृंदा गार्डन के नजदीक बदमाशों ने एक व्यक्ति की गाड़ी से लैपटॉप चोरी कर लिया। बाइक सवार बदमाश ने उनको गाड़ी के बोनट पर तेल डालकर इंजन से लिकेज होने की बात कहकर ध्यान भटकाया था। आरोपी कुछ ही पल में लैपटॉप चोरी कर ले गया। थाना पुलिस ने इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मॉडल टाउन स्थित इंदिरा कॉलोनी के राजीव कुमार शर्मा ने चांदनी थाना को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार को कार्यालय से घर आ रहा था। वह वृंदा गार्डन के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति ने उसकी गाड़ी से तेल लीक होने के बारे में कहा। उसने गाड़ी रोककर इंजन देखा तो तेल लीक नहीं था। उसने देखा तो गाड़ी के बोनट पर तेल डाला था। उसने वापस आकर देखा तो उसकी गाड़ी से लैपटॉप का बैग चोरी मिला। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। जांच अधिकारी धीरज ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।