पानीपत। शहर के देवी मंदिर के पास निर्माणाधीन एक अस्पताल की चौथी मंजिल से लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। प्लेट उसके सिर में लगी थी। तहसील कैंप थाना की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
महिला शिव कलां ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से यूपी के एटा जिले के गांव कुदासा गांव की है। उसका बेटा संदीप (24) पानीपत के सेक्टर-6 में किराये के मकान में रहता था। वह पिछले छह साल से बंटी ठेकेदार के पास काम कर रहा था। फिलहाल देवी मंदिर के पास एक अस्पताल पर चौथी मंजिल के निर्माण का कार्य कर रहा था। मंगलवार को संदीप अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहा था। करीब एक बजे अचानक लेंटर में लगी लोहे की प्लेट खिसक कर नीचे गिर गई। प्लेट सीधी संदीप के सिर में लगी। संदीप को तुरंत ही नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उसकी मौत हो गई। युवक की मां ने बताया कि संदीप की दो साल पहले ही शादी हुई थी। उसका एक छह माह का बेटा है। संदीप की मौत से बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है।