कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में मंगलवार को महिला आयोग की टीम के दौरे के दौरान प्रशासनिक अधिकारी बैठक में व्यस्त थे। इसी बीच विश्वविद्यालय के दूसरे गेट पर छात्रों ने वाहन खड़े कर रास्ता रोक दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर छात्रों की भीड़ जुट गई।
करीब एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति संभालने के लिए पुलिस को पहुंचना पड़ा। मुख्य सुरक्षा अधिकारी (सीएसओ) को भी महिला आयोग की टीम के साथ चल रही बैठक बीच में छोड़कर छात्रों के बीच आना पड़ा। विवाद एक छात्र का आईडी कार्ड लिए जाने और उसे मिड टर्म परीक्षा में बैठने से रोकने के आरोप को लेकर शुरू हुआ था।
प्रदर्शनकारी छात्र ने आरोप लगाया कि सुरक्षा कर्मचारियों ने उसका आईडी कार्ड ले लिया था। मंगलवार दोपहर 12 बजे आईआईएचएस विभाग में उसका मिड टर्म पेपर था। उसने सीएसओ से अनुरोध किया कि यदि उसकी गाड़ी की आरसी रखनी है तो रख लें, लेकिन उसे परीक्षा देने जाने दिया जाए। इसके बावजूद उसकी बात नहीं सुनी गई और उसे विश्वविद्यालय के गेट से बाहर कर दिया गया।
छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि सीएसओ ने उसकी गाड़ी में जेड-ब्लैक और काले शीशे होने की बात कही, जबकि उसकी गाड़ी में ऐसा कुछ नहीं था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और अन्य छात्र भी उसके समर्थन में आ गए। छात्रों ने विश्वविद्यालय के दूसरे गेट पर अपने वाहन खड़े कर दिए, जिससे आवाजाही बाधित हो गई। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और सीएसओ के व्यवहार को लेकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे सीएसओ प्रो. डॉ. आनंद ने बताया कि विश्वविद्यालय में बिना स्टीकर वाली गाड़ियों को रोकने के निर्देश सुरक्षा कर्मचारियों को दिए गए हैं। ऐसे वाहनों की आरसी लेकर संबंधित विद्यार्थी को टोकन नंबर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि संबंधित गाड़ी धरोहर के आगे तेज आवाज में गाना बजा रही थी। महिला आयोग की टीम के दौरे को देखते हुए विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही थी। समझाने के बावजूद बात नहीं मानने पर छात्र का आईडी कार्ड और अन्य दस्तावेज लिए गए थे।
बाद में लिखित आश्वासन दिया गया कि जिन विद्यार्थियों के पास सीएसओ का स्टीकर नहीं होगा, उनकी गाड़ी की आरसी लेकर टोकन नंबर दिया जाएगा और उन्हें विश्वविद्यालय में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद छात्र को उसका आईडी कार्ड और अन्य दस्तावेज लौटा दिए गए। करीब एक घंटे तक चले विरोध के बाद छात्रों ने रास्ता खोल दिया।
कुरुक्षेत्र। केयू के दूसरे द्वार पर जाम लगाते छात्र। संवाद